ज्ञानपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे घोषित होने से पूर्व छात्र-छात्राओं की धड़कनें बढ़ गईं थीं। छात्र-छात्राओं ने सुबह होते ही मंदिरों में मत्था टेकना शुरू कर दिया। इस दौरान ईश्वर से परीक्षा में सफलता की कामना की। इसके बाद साइबर कैफे की ओर उनके कदम बढ़ते गए। दोपहर में रिजल्ट आते ही गले लग एक-दूसरे को बधाई देने और मिठाई खिलाने का सिलसिला शुरू हो गया।
रविवार को दोपहर 12.30 बजे नतीजे घोषित होने थे, लेकिन छात्र-छात्राओं की बेचैनी पहले से ही बढ़ी थी। भिड़िउरा गांव निवासी प्रमोद दुबे की बेटी शिवानी 10वीं की परीक्षा में शामिल हुई थी। रविवार को सुबह से ही वह नतीजे का इंतजार कर रही थी। रिजल्ट आने के बाद जब पता चला कि वह फर्स्ट डिवीजन पास हो गई है तो उसकी खुशी का ठिकाना न रहा। इसी तरह अन्य छात्र-छात्राओं में भी रिजल्ट को लेकर बेचैनी दिखी। नतीजे देखने के लिए साइबर कैफे में दोपहर से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ जमा हो गई। तमाम परीक्षार्थियों ने मोबाइल पर भी नतीजे देखे। इसके बाद मिठाइयां खिलाने और बड़ों का आशीर्वाद लेने का दौर शुरू हुआ। जिन छात्रों के नतीजे बेहतर नहीं आए अथवा फेल हुए, उनके चेहरे पर मायूसी दिखी।