ज्ञानपुर/भदोही। जम्मू-कश्मीर में आठ वर्ष की बच्ची के साथ सामूहिक दुराचार के बाद उसकी हत्या के विरोध में गुरुवार को ज्ञानपुर में स्वर्ण भारत पाटी की ओर से कैंडिल मार्च निकाला गया। साथ आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की गई। वहीं, भदोही में अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन की ओर से उन्नाव में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञानपुर में स्वर्ण भारत पार्टी की ओर से बच्चों ने कैंडिल मार्च निकाला गया। मार्च में शामिल बच्चे हत्यारों को फांसी दो..., निर्भया हम शर्मिंदा हैं, तुम्हारे कातिल जिंदा हैं... के नारे लगा रहे थे। वक्ताओं ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में मासूम बच्ची आशिफा के साथ जघन्य अपराध करने वालों को केंद्र सरकार फांसी की सजा दिलाए। मार्च में रविकांत भारती, रइस, अमन, महेश, राधेश्याम, नायब, संतोष कुमार, ज्योति, पायल, रिया, सुहानी आदि शामिल थी।
वहीं, भदोही अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष कबूतरा गौतम के नेतृत्व में रजपरा चौराहे से जुलूस निकाल कर उप जिलाधिकारी सुनील कुमार यादव को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दुष्कर्म के आरोपी भाजपा विधायक और उसके भाई समेत सभी आरोपियों को के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है, वहीं बेटियों के साथ सामूहिक दुराचार जैसे जघन्य अपराध हो रहे हैं। ज्ञापन में दलित एक्ट से छेड़छाड़ नहीं करने की मांग भी की गई। जुलूस में अमित गौतम, रामगेना गौतम, मीरा देवी, फूलकुमारी, सुनीता, मालती, निर्मला गौतम, रीना गौतम, सुभावती, प्रमिला देवी, पान कुमारी पाल आदि शामिल थीं।