वाराणसी। लंका में यूबीआई के एटीएम सामने खड़ी कैश वैन को लूटने के लिए आए छह बदमाशों ने बीएचयू अस्पताल में मरीज दिखाने के बहाने कैंट स्टेशन से ऑटो बुक कराया था। साथ ही, तय किया था वो बीएचयू से ऑटो से मुगलसराय स्टेशन जाएंगे। लंका पर मरीज दिखाने के बहाने तीन बदमाश ऑटो से नीचे उतरे और तीन बैठे ही रहे। काले रंग के बॉक्स के साथ लौटे तीनों बदमाशों की हरकतें रास्ते में चालक को संदिग्ध प्रतीत हुई तो उसने ऑटो सीधे मुगलसराय रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित पुलिस पिकेट पर रोका और पुलिसकर्मियों को इशारा कर दिया। पुलिसकर्मी दौड़ कर चार को 10.50 लाख रुपये के साथ पकड़ने में कामयाब रहे जबकि दो 16 लाख लेकर भाग निकले।
चंदौली पुलिस की पूछताछ में ऑटो चालक ने बताया कि कैंट रोडवेज के पास एक व्यक्ति ने ऑटो बुक कराया था। रेलवे स्टेशन के सामने आने पर ऑटो में पांच लोग और सवार हुए। सभी ने बीएचयू में मरीज दिखाने और फिर मुगलसराय रेलवे स्टेशन तक छोड़ने का किराया तय किया। लंका आकर तीन लोगों ने ऑटो रुकवाया और थोड़ी देर बाद लौटकर आए तो हांफ रहे थे और उनके हाथ में बॉक्स भी था। इसके बाद रास्ते में सभी तेज भागने का दबाव बनाने और पुलिस की गाड़ी दिखते ही सभी छुपने की कोशिश करने लगते थे तो शंका हुई। इसी शंका के कारण उसने ऑटो सीधे पुलिस पिकेट पर रोका और तब तक वायरलेस की मदद से चंदौली पुलिस को भी कैश वैन से 26.50 लाख लूटे जाने की जानकारी हो गई थी।