लालानगर/गोपीगंज। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले जिलाधिकारी विशाख जी के तबादले से नागरिक नाराज हो गए हैं। तबादले के खिलाफ समाजसेवियों ने शनिवार को गोपीगंज नगर में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं व्यापारी वर्ग ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तबादले को रद्द करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी विशाख जी उत्कृष्ट प्रतिभा के धनी, स्वच्छ छवि और सही मायने में जनसेवक हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य और सख्त प्रशासन से भ्रष्ट लोग पीड़ित थे। भ्रष्टाचारियों के दबाव में कर्तव्यनिष्ठ जिलाधिकारी का तबादला किया गया है। प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी, सुशील बिंद, बाबा बिंद, शारदा बिंद, रामबाबू मिश्रा, कैलाश चौबे, संदीप, हेमंत यादव, कल्लू गुप्ता समेत अन्य लोग शामिल रहे। इसी तरह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश मंत्री रमाकांत गुप्ता और नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल कहा कि ईमानदार और न्याय प्रिय अधिकारी के तबादले पर सरकार विचार करे। कहा कि जिलाधिकारी प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक आसानी से पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे थे। उनके तबादले की सूचना से भदोही की जनता हतप्रभ है।