वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को दान में मिले भवन गंगा दर्शन अतिथि गृह को प्रधानमंत्री के लोकार्पण के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। भोजनालय शुरू नहीं होने के कारण गेस्ट हाउस में ठहरने वाले श्रद्धालुओं के लिए बाहर से ही खाने की व्यवस्था की गई है। गेस्ट हाउस में इंटीरियर का काम बाकी होने के कारण यह श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं हो सका है। गेस्ट हाउस में अभी भी काम चल रहा है और इसमें सप्ताह भर से अधिक का समय लगेगा। बुधवार तक गंगा गेस्ट हाउस में पांच लोगों ने बुकिंग कराई थी।
गंगा दर्शन अतिथि गृह का लोकार्पण प्रधानमंत्री ने 12 मार्च को किया था। अतिथि गृह को काशी विश्वनाथ और गंगा दर्शन के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए बनाया गया है। अतिथि गृह का भोजनालय अभी तक शुरू नहीं हो सका है और बाकी 18 कमरों में कई काम अधूरे पड़े हैं। इसके कारण आने वाले अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था बाहर से की जा रही है। हालांकि अतिथि गृह के अधिकारियों का कहना है कि 20 कमरों को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। 38 कमरों के गेस्ट हाउस में वातानुकूलित कमरों का किराया 25 सौ रुपये रखा गया है। गेस्ट हाउस को गुलेरिया कोठी के आदित्य कुमार गुप्ता ने डेढ़ करोड़ में लीज पर लिया है।