वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन के मिनट टू मिनट कार्यक्रम को सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोपी शिवपुर निवासी अनुपम कुमार पांडेय से बुधवार को पुलिस ने लंबी पूछताछ की। पता चला कि लखनऊ के एक मीडिया कर्मी द्वारा भेजे गए मेसेज (पीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम) को उसने ट्वीट किया था। पुलिस पूछताछ और छानबीन के लिए अब जल्द लखनऊ जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों 12 मार्च को शहर में थे। उनके आगमन से पहले नौ मार्च को ट्विटर पर पीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम वायरल हो गया था। इसे एसपीजी की सर्विलांस सेल ने पकड़ा और सुरक्षा में चूक बताते हुए न सिर्फ नाराजगी जताई बल्कि कार्रवाई के भी निर्देश दिए। इसके बाद मंगलवार की रात कैंट थाने में पुलिस ने अनुपम के खिलाफ ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। सोशल मीडिया की मदद से तस्दीक के बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, शिवपुर निवासी अनुपम एनआईआईटी लिमिटेड में साफ्टवेयर इंजीनियर था। मौजूदा समय शिवपुर में ही रहने वाला अनुपम आईईई ओरआरजी का आईटी एनालिस्ट है और ट्विटर पर उसके 24,500 फॉलोअर हैं। तीन जुलाई 2015 को प्रधानमंत्री मोदी से नई दिल्ली में अनुपम की मुलाकात हुई थी। इसकी तस्वीर भी अनुपम के ट्विटर एकाउंट पर है। वह डिजिटल माध्यमों के जरिए मोदी सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करता रहा है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद अनुपम को घर भेज दिया गया है। जल्द ही एक टीम लखनऊ जाएगी। सोशल मीडिया पर सबसे पहले मिनट टू मिनट कार्यक्रम किसने वायरल किया, इसकी पूरी तस्दीक कर कार्रवाई की जाएगी।