भदोही। कारपेट सिटी फीडर का ब्रेकर जलने और नई बाजार में केबल बर्स्ट हो जाने से आधे शहर की बिजली 12 घंटे गुल रही। बुधवार की रात दो बजे बिजली कटी तो गुरुवार को अपराह्न दो बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इतने लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण पेयजल आपूर्ति भी लड़खड़ा गई। सुबह बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान हो गए। हैंडपंपों और लोगों के घरों में लगे सबमर्सिबल पंप पर पानी के लिए कतारें लगी रहीं।
बुधवार की रात दो बजे भदोही नगर के फत्तूपुर विद्युत उपकेंद्र (ट्रांसमिशन) में कारपेट सिटी फीडर का ब्रेकर जल गया, जिससे घमहापुर, जल्लापुर, काशीपुर, मथुरापुर, नूरखांपुर, जमुनीपुर कालोनी, रामसहायपुर, बाजार सलाबत खां, दरोपुर, घरवनपुर समेत अन्य मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। गुरुवार को सुबह ब्रेकर की मरम्मत शुरू की गई, तब तक नई बाजार में केबिल बर्स्ट हो जाने से समस्या और बढ़ गई। नगरवासियों ने पहले तो इसे सामान्य कटौती समझा लेकिन जब आठ बजे तक बिजली नहीं आई तो लोग विभागीय कर्मचारियों से संपर्क साधा। बिजली के साथ ही पेयजल संकट भी गहरा गया। पानी के पानी के लिए लोगों को हैंडपंपों की दौड़ लगानी पड़ी। अपराह्न दो बजे मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल हो पाई। अधिशासी अभियंता राम कुमार ने बताया कि रात में ठंड और कोहरे के चलते मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया जा सका। सुबह से कर्मचारियों ने काम शुरू किया तो 10 बजे तक फॉल्ट दुरुस्त कर कर लिया गया लेकिन नई बाजार में केबिल फट जाने से आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। उसे दुरुस्त करने में दो बज गए।