वाराणसी। बीएचयू हिंदी विभाग के पूर्व शोध छात्र रविशंकर उपाध्याय की स्मृति में दिए जाने वाला युवा कविता पुरस्कार 2018 इस साल जामिया मिलिया विश्वविद्यालय के एमए अंतिम वर्ष हिंदी के छात्र और युवा कवि अदनान कफील दरवेश को दिया जाएगा। भोजपुरी अध्ययन संस्थान और रविशंकर उपाध्याय स्मृति संस्थान के तत्वावधान में 12 जनवरी को कला संकाय के राधाकृष्णन सभागार में होने वाले समारोह में साहित्यकार रामकीर्ति शुक्ल, ज्ञानेंद्र पति और अरुण कमल की मौजूदगी में यह पुरस्कार दिया जाएगा।
विभाग के शोध छात्र और युवा कवि रविशंकर उपाध्याय की 2014 में ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई थी। इसके बाद से ही उनकी स्मृति में हर साल एक युवा कवि को पुरस्कृत किया जाता है। इसकी बाध्यता यह होती है कि पुरस्कार पाने वाले युवा कवि की उम्र 35 साल से कम हो और उसका कोई कविता संग्रह न प्रकाशित हुआ हो। रविशंकर उपाध्याय स्मृति संस्थान की ओर से दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए कवि के नाम पर मुहर पांच सदस्यीय कमेटी ने हाल ही में लगाया। इसमें पटना से अरुण कमल, अरुण होता कलकत्ता, मदन कश्यप दिल्ली, अखिलेश लखनऊ और प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल बीएचयू शामिल हैं। भोजपुरी अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे से पुरस्कार समारोह, 1.15 बजे से हिंदी कविता के वर्तमान परिदृश्य पर परिचर्चा और 3.30 बजे से कविता पाठ होगा। इस दौरान साहित्यकार ज्ञानेंद्र पति, बलिराज पांडेय, चंद्रकला त्रिपाठी, वशिष्ठ अनूप, नीरज खरे आदि मौजूद रहे।