बाबतपुर। भूमि अधिग्रहण के लिए हवाईअड्डे के विस्तार का कार्य जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। अधिकारियों की मानें तो रन-वे की लंबाई बढ़ाने को लेकर प्रारूप तैयार किया जा चुका है। रन-वे की लंबाई 1700 मीटर बढ़ाई जाएगी। बड़े एयरक्राफ्ट भी हवाईअड्डे पर आसानी से उतर सकेंगे। अभी तक रन-वे की लंबाई 2745 मीटर है जिसके चलते बड़े एयरक्राफ्ट नहीं उतर पाते थे। लैंडिंग सिस्टम भी अपग्रेड किया जाएगा जिससे कोहरे और बरसात के समय कम दृश्यता में भी विमान आसानी से उतर सकेंगे।
साथ ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल का भी स्थान चेंज किया जाना है। अधिकारियों ने बताया कि नए एटीसी के निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। एटीसी के लिए हवाई अड्डे के पास अभी पर्याप्त भूमि है। नया एटीसी कार्यालय भी बनवाया जाना है जो विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस रहेगा। अधिकारियों की मानें तो हवाई अड्डे के विस्तारीकरण को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिला प्रशासन से 350 एकड़ भूमि अधिग्रहीत करने का प्रारूप तथा उसमें आने वाली अड़चनों के संबंध में जानकारी मांगी जा चुकी है। यदि 350 एकड़ भूमि यदि मिल जाती है तो प्रथम फेज का काम प्रारंभ हो जाएगा।