मुगलसराय। पिछले दिनों एक होटल में हुई छापेमारी को पुलिस ने रूटिन चेकिंग बताकर मामले को रफा-दफा कर दिया था। लेकिन गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो, जिसमें बीते 11 जून की देर रात होटल में पुलिस रेड में एक कमरे में अर्द्धनग्न अवस्था में विदेशी लड़की की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैँ।
सूत्र बताते हैं कि 11 जून की रात लगभग दस बजे पुलिस को सूचना मिली की होटल के तीसरे तल पर विदेश से आई कुछ लड़कियों के साथ रेव पार्टी मनाई जा रही है। वहीं उसी फ्लोर के कुछ कमरों में देह व्यापार का अवैध खेल चल रहा है। जिसपर कोतवाल ने मय फोर्स छापेमारी की। इस बीच कई विदेशी लड़कियां बरामद हुईं लेकिन विदेशी महिलाओं पर हाथ डालने से पुलिस ने किनारा किया। बाद में होटल से बाहर आईं आधा दर्जन लड़कियां एक कार में सवार होकर चली गईं। इस दौरान वहां मौजूद दिल्ली, झारखंड और लखनऊ नंबर की महंगी कारें भी खड़ी थी जो बड़ी तेजी से वहां से चली गईं। बाद में कोतवाल अतुल नारायण सिंह ने इसे रूटिन जांच बताकर मामले से किनारा कर लिया। लेकिन उस दिन हुई छापेमारी का वीडियों जो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुुआ उसमें दो लोग सादे कपड़ों में खुद को पुलिस बताकर कमरों को खुलवा रहे थे। वीडियो में एक कमरे में विदेशी लड़की अर्द्धनग्न अवस्था में मिली जिसे पुलिसकर्मी ने पकड़ने का प्रयास भी किया लेकिन वह हाथ छुड़ाकर बाथरूम में भाग गई।
इनसेट
फार्म सी भरा गया था कि नहीं
मुगलसराय। किसी भी होटल में जब भी कोई विदेशी नागरिक आता है तो होटल संचालक द्वारा फार्म ऽसीऽ भरा जाता है। फार्म आनलाइन भरकर इसकी एक प्रति कोतवाली में जमा करानी पड़ती है। यदि होटल संचालक दावा करते हैं कि सभी विदेशी लड़कियों की इंट्री उनके रजिस्टर में हुई है तो क्या उन्होंने फार्म सी भरा है? यदि फार्म भरा था तो क्या इसकी सूचना कोतवाली को दी गई थी? इसकी एक प्रति एलआईयू को भी दी जाती है। दस्तावेजों की जांच होगी तो सभी स्थिति अपने आप ही स्पष्ट कर देगी।