वाराणसी। विदेशों में बैठे भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए बहनें डाक विभाग की सेवाओं का जमकर लाभ उठा रही हैं। बनारस प्रधान डाकघर समेत अन्य डाकघरों से बीते मात्र पांच दिनों के भीतर अमेरिका, दुबई, इंग्लैंड, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में 150 से अधिक राखियां भेजी जा चुकी हैं। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों और सुदूर इलाकों के लिए भी हजारों राखियों की बुकिंग रोजाना की जा रही है।
निजी कूरियर कंपनियों की तुलना में डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा न केवल सुरक्षित है, बल्कि काफी किफायती भी साबित हो रही है। इसी वजह से काउंटरों पर बहनों की भारी भीड़ उमड़ रही है। डाकघर के बुकिंग इंचार्ज रामलाल के अनुसार, त्योहार को देखते हुए राखियों की सुरक्षित और त्वरित डिलीवरी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में डिलीवरी के लिए 50 ग्राम तक के लिफाफे पर मात्र 55 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि इसके बाद प्रति 10 ग्राम अतिरिक्त भार पर 10 रुपये का शुल्क लगता है। विदेश भेजने के लिए 50 ग्राम तक का शुल्क 1,800 रुपये है, वहीं एक किलोग्राम तक के पार्सल का खर्च लगभग 6,000 रुपये आता है।