CRPF जवानों को राखी बाँधकर मनाया रक्षा बंधन। स्वयं
वाराणसी। 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मुख्यालय पहड़िया में बुधवार को रक्षाबंधन मनाया गया। इस दौरान विभिन्न संस्थाओं और विद्यालयों की छात्राओं ने 100 से अधिक जवानों को रक्षा सूत्र बांधे। कार्यक्रम का शुभारंभ कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर और विशिष्ट अतिथि अर्चना बालापुरकर ने किया। कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने कहा कि यह कार्यक्रम जवानों को घर से दूर होने पर भी परिवार का एहसास दिलाने के लिए आयोजित किया जाता है। बहनों ने जवानों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मुंह मीठा कराया। इसके बाद उनकी कलाइयों पर रंग-बिरंगी राखियां बांधीं। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी आलोक कुमार, उपकमांडेंट नवनीत कुमार और सहायक कमांडेंट अभिषेक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। डायनेमिक स्कूल, अतुलानंद रेजिडेंशियल, लायन्स क्लब, लीला फाउंडेशन क्लब और ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। ब्यूरो