मुगलसराय। मिर्जापुर में अराजक तत्वों द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने नगर के काली महाल स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा स्थल पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। वहीं प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है। हत्या, चोरी, डकैती, दुष्कर्म के मामले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विफलता के द्योतक हैं। ऐसी नाकाम सरकार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। कहा कि राजीव गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करना अत्यंत ओछी हरकत है। सभा के दौरान केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा गया। चेतावनी दी कि मूर्ति को खंडित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेसी उग्र आंदोलन करेंगे। धरना सभा में सतपाल सिंह, नवीन पांडेय, बृजेश गुप्ता, नंदगोपाल सिंह, दशरथ चौहान, राकेश सिंह, नेहाल अख्तर बाबू, राजू चौहान, राजकुमारी गुप्ता, बाल गोविंद, बाबूलाल, मेवालाल, विजय गुप्ता, संजय मिश्र, मुहम्मद नईम, दीपक गुप्ता, महेश मंडल, प्रमोद मौर्य, अब्दुल खालिक, राशिद जमाल, मृत्युंजय शर्मा, रंजीत जायसवाल, इश्तियाक हुसैन, मुहम्मद शमीम, रकोश, बृजमोहन, नंदलाल गुप्ता आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता रामजी गुप्ता ने और संचालन शाहिद तौसिफ ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कैलाश जायसवाल ने की।