सीएम के आने के 12 घंटे पहले ही रोक दिए वाहन
भदोही। मिर्जापुर में मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर मिर्जापुर जिले में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों को 12 घंटे पहले ही सीमा से कोसों दूर रोक दिया गया। भदोही जिले के अलावा वाराणसी, इलाहाबाद और जौनपुर से औराई के रास्ते मिर्जापुर की सीमा में प्रवेश करने वाले वाहनों को औराई से आगे नहीं बढ़ने दिया गया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद भी देर रात तक औराई-मिर्जापुर रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
इससे औराई चौराहे पर भदोही-मिर्जापुर मार्ग के अलावा वाराणसी और इलाहाबाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके चलते चौराहे के आसपास की चारों सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। तमाम वाहन जहां-तहां खड़े होकर जाम खुलने का इंतजार करते रहे। इसमें तमाम बड़े वाहनों के अलावा छोटे वाहन भी फंसे रहे। 44 डिग्री तापमान की तीखी धूप और लू के बीच में जाम में फंसकर लोग बेहाल रहे। जौनपुर से मिर्जापुर जाने वाले वाहनों को औराई-भदोही रोड पर रोक दिया गया। इसी तरह वाराणसी से औराई जाने वाले वाहनों को औराई-वाराणसी मार्ग पर ही रोक लिया गया। जबकि इलाहाबाद की ओर से मिर्जापुर जाने वाले वाहनों को हाईवे पर ही रोक लिया गया था। वाराणसी-इलाहाबाद मार्ग के वाहनों का आवागमन जारी था, लेकिन हाईवे पर बड़े वाहनों की लंबी कतारों के चलते बार-बार जाम की स्थिति बन जा रही थी। इसके चलते वाराणसी और इलाहाबाद जाने वाले वाहन भी जब-तब जाम जैसी स्थिति में उलझते रहे। इस दौरान पुलिस को भी पसीने छूट गए।