सोनभद्र (अनपरा)। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के कोहरौलिया में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार की दोपहर विंध्यनगर डिपो की बस अनियंत्रित होकर बस, पिकअप और बाइक को टक्कर मारते हुए नाले में जा गिरी। इससे जहां बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रैक्टर को भी काफी क्षति पहुंची। संयोग ही था कि बस सवार बाल-बाल बच गए। वहीं पिकअप चालक और बस सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जयंत स्थित नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया।
दोपहर बारह बजे के करीब बीना की तरफ से जा रही रोडवेज बस जैसे ही कोहरौलिया गांव के पास पहुंची अनियंत्रित हो गई। आगे जा रही पिकअप को टक्कर मारने के बाद, साइड में बस के निकलने का इंतजार कर रही बाइक को टक्कर मारते हुए, सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराकर नाले में जा गिरी।संयोग ही था कि बस में सवार लोग बाल-बाल बच गए। महज कुछ लोगों को मामूली खरोंच आई। वहीं एनसीएल खड़िया की पिकअप का चालक राजकुमार और बाइक चला रहा कोहरौलिया निवासी सोनू तथा उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस का शीशा तोड़ सवारियों को बाहर निकाला गया। नाराज ग्रामीणों ने इसको लेकर हाइवे जाम करने की कोशिश की। किसी तरह पुलिस ने समझा-बुझाकर और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। बताया गया कि बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इस कारण दुर्घटना घटी।