घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के धनावल गांव से अपहृत तीन मासूम बच्चों का अब तक पता नहीं चला है। लापता बच्चों के घरवालों ने सूबे के मुख्यमंत्री, डीजीपी को पत्र भेजकर सीबीआई या सीबीसीआईडी से प्रकरण की जांच करवा कर बच्चों को ढूंढने की मांग की मांग की है।
बताते चले कि 16 मई को धनावल गांव निवासी रामप्रसाद घर का सोनू (8), पुष्पा (10) और गुल मुहम्मद की बिटिया सन्नो (9) लापता हो गई। इस मामले मेें पुलिस ने धनावल गांव निवासी हरिओम त्रिपाठी के खिलाफ बच्चों के गायब करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना का पर्दाफाश करने के लिए एसपी ने सीटी सीओ, स्वाट टीम और घोरावल कोतवाल को लगाया है। बच्चों की तलाश में लगातार पुलिस छापेमारी भी कर रही। लेकिन अभी तक बच्चों और आरोपी का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। बच्चों का पता न चलने से हताश रामप्रसाद गुप्ता और गुल मुहम्मद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस महानिदेशक, आईजी और गृहसचिव को शिकायती पत्र भेजकर सीबीआई अथवा सीबीसीआईडी से बच्चों की तलाश कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि पुलिस स्तर से मामले का खुलासा न होता नहीं दिख रहा। क्योंकि अभी तक आरोपी को भी पुलिस ढूंढ नहीं सकी है। क्षेत्राधिकारी धनंजय कुशवाहा का कहना है कि बच्चों का पता लगाने में हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।