बलिया। सपा-बसपा और कांग्रेस देश को मजबूत होते नहीं देख सकते। मुंबई में जब आतंकी हमला हुआ तो कांग्रेस की सरकार ने कहा था कि पाकिस्तान के पास एटम बम है। उन पर हम कार्रवाई कैसे करें लेकिन जब पुलवामा में हमला हुआ तो मोदी सरकार ने पाकिस्तान में घुसकर कार्रवाई कराई। आतंकियों का आज खात्मा किया जा चुका है। क्या कांग्रेस, सपा-बसपा यह कर पाएगी। ये पार्टियां लोगों को जाति के आधार पर बांटना चाहती हैं। कांग्रेस का घोषणापत्र आतंकियों को समर्थन करने वाला है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने रसड़ा के रामलीला मैदान पर रविवार को घोसी संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी हरिनारायण राजभर के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
करीब 36 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री ने अगस्ता हेलीकाप्टर घोटाले का हवाला देते हुए कहा कि इस डील का दलाल क्रिश्चियन मिशेल राहुल गांधी का शकुनी मामा है और राहुल गांधी दुर्योधन हैं। जिस तरह शकुनी और दुर्योधन ने द्वापर में लोगों को परेशान किया, उसी तरह वे आज देश को परेशान कर रहे हैं। चुनाव बाद शकुनी मामा की तरह दुर्योधन भी जेल जाएगा। कहा पिछले पांच वर्षों में मोदी ने भ्रष्टाचारियों, देशद्रोहियों और विभाजनकारियों पर चोट किया जिससे कांग्रेस, सपा-बसपा भयभीत हैं। उन्हें डर है कि अगर मोदी सत्ता में आए तो उन्हें जेल में ठुंसवा देंगे। कहा कि कांग्रेस को इटली से बहुत प्यार है। जब देश पर युद्ध, त्रासदी या कोई अन्य आपदा आती है तो कांग्रेस के लोग इटली भाग जाते हैं। अगस्ता घोटाले के दलाल राहुल के मामा क्रिश्चियन मिशेल भी इटली से हैं। घोटाला कर वो इटली भाग गए लेकिन नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के इस मामा को इटली से भी पकड़वा लिया और आज वह जेल में हैं।
उन्होंने हा कि जो लोग आतंकवाद, भ्रष्टाचार का समर्थन करते हैं, देश के संसाधनों पर कब्जा कर सामाजिक ताने बाने को तितर-बितर करने की अपने कार्यकाल में कोशिश करते हैं, यदि उनके हाथों में देश की बागडोर गई तो देश डूब जाएगा। नरेंद्र मादी ने अपनी योजनाओं, अपने प्रयास से यह सिद्ध कर दिया है कि मोदी है तो मुमकिन है।
कहा कि आज विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जाति पूछ रहा है। मोदी ने डेढ़ करोड़ मकान दिए, पांच करोड़ बिजली कनेक्शन दिया, साढ़े सात करोड़ गरीबों को उज्जवला के तहत गैस कनेक्शन दिया, नौ करोड़ से अधिक शौचालय का निर्माण कराया। 12 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान योजना, 15 करोड़ नौजवानों को स्टार्टअप, मुद्रा योजना का लाभ दिया, 37 करोड़ का खाता खोला, 50 करोड़ को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ कराया। क्या जाति या धर्म देखकर ये योजनाएं लागू कीं। ऐसे में वोट देते समय आपको भी जाति मजहब से ऊपर उठकर वोट करना चाहिए।
इस मौके पर पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष मंत्री फागू चौहान, सांसद सकलदीप राजभर, विधायक धन्नजय कन्नौजिया, विधायक श्रीराम सोनकर, महन्थ कौशलेन्द्र गिरी, राम इकबाल सिंह, विजय बहादुर राजभर, वशिष्ठ नारायण सोनी, गोविन्द नरायण शुक्ला, विजेन्द्र राय, शिवभूषण तिवारी, प्रेमचन्द सिंह, आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दुबे एवम संचालन प्रदीप सिंह ने किया।
मेरी कोई बहन नहीं तो बुआ कहा से आ गईं : रसड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशान तो शिवपाल यादव हैं। शिवपाल यादव कहते हैं कि मेरी कोई बहन ही नहीं तो बुआ कहां से आ गई। वह कहते हैं कि बुआ और बबुुआ की ये जो नई रिश्तेदारी बन रही है, यह रिश्तेदारी उत्तर प्रदेश को लूटने की रिश्तेदारी है। किसानों को उनके हक से वंचित करने, प्रदेश के संसाधनों पर डकैती डालने, अराजकता फैलाने वाली रिश्तेदारी है। 23 तारीख को जब देश में फिर एक बार मोदी सरकार आएगी, तब बुआ जरूर बोलेंगी कि बबुआ अपना वोट नहीं शिफ्ट कर पाए। जब लोग साइकिल पंचर कर देंगे तो बबुआ भी चिल्लाएगा कि बुआ ने वोट बेच दिया था।
हनुमान के बाद अब सुदामा भी अति पिछड़े : बलिया। रसड़ा की सभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस तरह कृष्ण ने सुदामा के पैर धोए थे, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कुंभ के दौरान सफाई कर्मियों और अति पिछड़ों के पैर धोकर यह साबित कर दिया कि नरेंद्र मोदी की कोई जाति नहीं है। वह देश के 130 करोड़ लोगों के लिए काम करते हैं। हालांकि उनके इस बयान की राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा रही।
गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में ब्राह्मणों का वोट 18 प्रतिशत से भी ज्यादा है। जबकि इस बार भाजपा ने प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर ब्राह्मणों को दरकिनार कर दिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि एक बार फिर सुदामा की तुलना सफाई कर्मियों से करके उन्होंने ब्राह्मणों के अहम को चोट पहुंचाई है। इसके पहले भी हनुमान जी की तुलना अति पिछड़ों से करने पर भी सीएम योगी काफी चर्चा में रहे थे। देश विदेश की मीडिया ने उनके इस बयान की काफी खिल्ली उड़ाई थी। कुछ संगठनों ने आंदोलन तक कर दिया था।