चौबेपुर/शिवपुर। जिले के चौबेपुर और शिवपुर थाना के फूलपुर गांव और तरना बाजार में होली के दिन गुरुवार को पुरानी रंजिश में मारपीट के बाद फायरिंग की गई। वारदात में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर और मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर व्याप्त तनाव को देखते हुए दोनों जगह एहतियातन पुलिस तैनात की गई है।
चौबेपुर थाना अंतर्गत फूलपुर गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप महेंद्र विश्वकर्मा के घर के सामने गुरुवार की रात डीजे की धुन पर शराब पीकर लोग नाच रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान बाइक से जा रहे पूर्व प्रधान दिलीप मौर्य को कुछ युवकों ने रोका और उन्हें धक्का लग गया। जिसे लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई। आरोप है कि इसकी सूचना पूर्व प्रधान ने अपने घर पर दी तो तीन-चार युवक आए और फायरिंग कर दिए। फायरिंग में प्रेम राम (25), अक्षय चौहान (25), पिंटू चौहान (19) और कर्मा चौहान (50) घायल हो गए। घायलों में कर्मा चौहान की हालत गंभीर बताई गई है। मामले को लेकर दिलीप के पिता सच्चिदानंद मौर्य (85) की पिटाई की गई और उन्हें भी घायल बताया गया है। पुलिस ने दिलीप सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है और मौके से तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद किया गया है। दिलीप के अनुसार ग्राम प्रधान चुनाव की रंजिश में उसे जबरन फंसाया गया है।
उधर, शिवपुर थाना अंतर्गत तरना बाजार में होली के दिन डीजे की धुन पर नाचने के दौरान पुरानी रंजिश में हुए विवाद के बाद मारपीट हुई और इसी दौरान फायरिंग की गई। बताया जाता है कि कहासुनी के बाद तरना बाजार के शुभम गुप्ता को लक्ष्य कर फायरिंग की गई, लेकिन वह जमीन पर बैठ गया और गोली दीवार पर जा लगी। फायरिंग करने का आरोपी तरना बाजार का राजन गुप्ता का छोटा भाई किक्की गुप्ता बताया गया है। सूचना पाकर शिवपुर पुलिस ने किक्की गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया और राजन की तलाश की जा रही है।