फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नई काया के साथ दुनिया देखेगी काशी की दिव्यता

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण से हो रहे बदलाव पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा काशी में परिवर्तन दिखने लगा है। दिव्य काशी का स्वरूप भव्य हो रहा है। ऐतिहासिक आस्था से जुड़ी काशी की सुंदरता को भी निखारने वाले हैं। कई ऐसे काम जिन पर आजादी के बाद थोड़ा बहुत काम हुआ है, उन पर काम किया जा रहा है। आत्मा से छेड़छाड़ किए बिना हमारा चिर पुरातन शहर नई काया के साथ दुनिया के सामने होगा।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री ने कहा- बाबा विश्वनाथ की कृपा हम सभी पर रही है। जो काम माता अहिल्या बाई होल्कर ने 200 साल पूर्व किया था, उसे आज आगे बढ़ाने का सौभाग्य मिला है। बाबा के चिर पुरातन स्थान की दिव्यता से भव्यता को जोड़ना हमारा दायित्व है। दुनिया से आने वाले भक्त बिना किसी दिक्कत के मत्था टेक सकें, इसे देखते हुए बहुत काम किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आभार व्यक्त किया और कहा अनेक दशकों की उदासीनता के बाद बनारस के घाटों व मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का समर्थन काशी के लोग कर रहे हैं। सांसद होने के नाते मैं कृतज्ञ हूं।
उन्होंने गंगा की पवित्रता व अविरलता पर प्रतिबद्धता दोहराई और कहा हमारे प्रयास के परिणाम दिखने लगे हैं। पिछले दिनों आई रिपोर्ट में बताया गया कि गंगा के पानी में मछलियां, मगरमच्छ सहित अन्य जीव जंतु लौटने लगे हैं। नमामि गंगे का अभियान जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे वैसे प्रदूषण में कमी आ रही है। पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी काशी वासियों, गंगा किनारे बसे व्यक्तियों के सहयोग, पारदर्शिता और भागीदारी से यह संभव हुआ है। इससे निर्मल और अविरल गंगा का लक्ष्य नजदीक दिख रहा है।
विज्ञापन

धन शक्ति के साथ साफ नीयत भी जरूरी
उन्होंने पूर्व की सरकारों पर तंज कसा और कहा कि गंगा को साफ करने के लिए धन शक्ति के साथ साफ नीयत भी जरूरी है। आप साक्षी रहे हैं कि गंगा एक्शन प्लान और गंगा बेसिन प्लान के नाम पर कैसी योजनाएं बनीं। करोड़ों रुपये पानी में बहाए गए। उन्होंने कहा- नीयत साफ हो तो गंगा की सफाई होना तय है। हम पूरी ईमानदारी और साफ नीयत के साथ अभियान में जुटे हैं।

मैं खुद दे रहा हूं प्रवासियों को न्यौता
प्रधानमंत्री ने 21 से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन को काशी के लिए बड़ा और बेहतर अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए दो-तीन हफ्ते बचे हैं। दुनिया भर के प्रवासियों को मैंने खुद न्यौता दिया है। प्रवासी सम्मेलन में आने वाले मेहमानों के सामने पुरातन काशी का सर्व सुविधा संपन्न आधुनिक स्वरूप दिखाना हमारी जिम्मेदारी है। काशी का ऐसा भव्य रूप तैयार हो जो दुनिया भर को प्रभावित और प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि आपके सांसद और प्रतिनिधि के रूप में मैं पलक पांवड़े बिछाकर काशीवासियों के साथ मेहमानों का स्वागत करूंगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें