वाराणसी। जमालपुर में स्थित संभागीय परिवहन विभाग के कार्यालय में सोमवार को मनचाहा पंजीकरण नंबर नहीं मिलने से एक व्यक्ति ने लिपिक से गाली-गलौच के बाद मारपीट करने लगा, हालांकि मारपीट कर रहे एक युवक को कर्मचारियों ने पकड़ लिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए।
परिवहन कार्यालय के पंजीकरण अनुभाग में कार्यरत लिपिक अतुल सिंह के पास एक युवक कुछ लोगों के साथ पहुंचा और मनचाहा नंबर की मांग करने लगा। मना करने पर उसने पहले गाली गलौच की और लिपिक से उलझ गया। देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो गई। लिपिक के साथ मारपीट होते देख साथी कर्मचारी वहां पहुंच गए और एक युवक को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथी वहां से भाग गए। कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। इस बारे में बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि आरटीओ की सूचना पर मारपीट करने वाले एक युवक को हिरासत में लिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही दलालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उधर, आरटीओ आरपी द्विवेदी ने बताया कि मारपीट की सूचना से पुलिस को अवगत कराया गया था। पीड़ित की ओर से तहरीर दिलाई जाएगी।