वाराणसी। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ व्यापारियों की सुरक्षा और उनको आर्थिक मदद देने के लिए अलग से ‘व्यापारी सुरक्षा फोर्स’ और ‘व्यापारी सुरक्षा कोष’ का गठन किया जाना जरूरी है। इसके लिए प्रदेश सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। वह वाराणसी व्यापार मंडल की तरफ से लहुराबीर स्थित आईएमए भवन सभागार में रविवार को आयोजित विशाल व्यापारी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि थे।
पहली बार व्यापारियों के सम्मेलन में शिरकत कर गदगद हुए कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश प्रकाश राजभर ने कहा व्यापारी रेजीमेंट का भी गठन होना चाहिए। ताकि इनके बच्चों को सुरक्षा के लिए ट्रेनिंग देकर शस्त्र लाइसेंस प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सिर्फ व्यापारियों को ही पेंशन की वकालत की। इसके पूर्व कैबिनेट मंत्री को अपने बीच पाकर व्यापारियों ने पंजीकृत व्यापारियों-उद्यमियों को पेंशन दिलाने, कुटीर उद्योगों के विकास के लिए प्रदेश के हर जिले में ‘कुटीर उद्योग नगर’ बसाने की जोरदार आवाज उठायी।
स्वागत करते हुए मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि बड़े उद्योगों की भांति कुटीर उद्योगों के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘कुटीर औद्योगिक नगर’ बसाया जाना आवश्यक है। सम्मेलन में मुख्य अतिथि को मुख्यमंत्री को संबोधित 14 सूत्री पत्रक भी सौंपा गया। इसके पूर्व सम्मेलन का उद्घाटन दीप जलाकर हुआ। मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। संचालन महामंत्री प्रमोद अग्रहरि ने किया। सम्मेलन में विधायक कैलाश नाथ सोनकर के अलावा जगदीश प्रसाद, कविंद्र जायसवाल, रमेश निरंकारी, सुशील लखमानी, जितेंद्र गुप्ता, जय निहलानी, सन्नी जौहर, नरेंद्र सोनी, कपूरचंद शाह, शिवप्रकाश, ओमप्रकाश, शिवकुमार जायसवाल, राजेश वर्मा, शाहिद कुरैशी, विकास गुप्ता, शबाना आफताब, वंदना रघुवंशी, प्रतिमा वैश्य, रीतू सिंह, सीमा सिंह, राजकुमारी, राजकुमार केशरी आदि थे।