वाराणसी। मनचलों को सबक सिखाने और अपनी सुरक्षा स्वयं करने के उद्देश्य से बालिकाआें को मर्दानी बनने की ट्रेनिंग दी जा रही है। अमर उजाला फाउंडेशन और मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से बुधवार को अन्य दो विद्यालयों में नि:शुल्क कराटे शिविर का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं किक और पंच के साथ ही अटैक और डिफेंस करने की विधा बताई गई। कोई आपका हाथ पकड़ ले तब आपको उसका सामना कैसे करना है, उसके हमले के जवाब में आपको कैसे डिफेंस करना और पुन: अटैक करना है, ये बारीकियां छात्राओं को बताई गईं।
बुधवार को लोहता स्थित गौतम बुद्ध बालिका हाईस्कूल में दोपहर दो बजे कराटे शिविर का शुभारंभ किया गया। पहले दिन छात्राओं को आत्मरक्षा की बेसिक चीजें बताईं गईं। वहीं शाम चार बजे चांदपुर स्थित सरदार पटेल आदर्श इंटर कॉलेज में ट्रेनर्स ने छात्राओं को पंच मारने से पहले उसे पंच बनाने का सही तरीका बताया। नाक पर और पेट पर वार करने की तकनीक बताई। वीक प्वाइंट्स बताए जिस वार पर हमलावर को एक बार में ही चित किया जा सकता है। मानव एकेडमी के महासचिव सेंसई किसलय मानव और मुख्य प्रशिक्षक शिहान एचएन सिंह की देखरेख में ट्रेनर ज्योति सिंह, माया पटेल, खुशबू मौर्या, अनीता पटेल, दिव्या गुप्ता, निधि राज, प्रियंका, सुनीता पटेल, शालिनी तिवारी व मनीषा भारती ने ट्रेनिंग दी।