भदोही। विद्युत मजदूर पंचायत के बैनर तले भदोही विद्युत उपकेंद्र के संविदा कर्मचारियों ने शनिवार को सिविल लाइन स्थित उपकेंद्र पर धरना देकर सभा की। सभा में कर्मचारियों ने कहा कि वे विद्युत कार्य में लगे हैं। उनके जीवन को हर समय खतरा रहता है। काम के दौरान कई हादसे हुए, जिससे कर्मचारियों का परिवार उजड़ चुके हैं। इसके बाद भी उनकी सुरक्षा और सहूलियतें देने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे।
विनोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विभाग का असल कार्य संविदा कर्मी ही पूरा करते हैं। कोई भी काम हो, उनसे लिया जाता है। इसके बाद भी प्रशासन अथवा विभागीय अधिकारी उनके बारे में नहीं सोचते। उन्होंने अधिकारियों पर कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि गत माह ममहर फीडर पर तैनात संविदाकर्मी मथुरा मौर्य निवासी डीह कोहरान परसीपुर 1100 केवीए का विद्युत तार बनाते पोल से गिर पड़ा था। भदोही में उपचार के बाद उसे बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां वह जीवन और मौत के बीच झूल रहा है। संगठन के लोग ही उसकी देखभाल कर रहे हैं। लेकिन, उसे आज तक कोई विभागीय सहायता नहीं मिली ना ही कोई उसे देखने आया।
बैठक में कहा गया कि संविदा कर्मी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उनकी चिंता जायज है। सभा में तय किया गया कि यदि सरकार अथवा प्रशासन की ओर कोई मदद नहीं मिलती है तो संगठन के लोग उसकी मदद करेंगे और उपचार कराएंगे। इस आशय की एक रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजे जाने के अलावा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजने की बात कही गई। धरना में नारायण यादव, अजय पाल, अवधनरायण, पप्पू गौतम, मंसूर अली, रामाश्रेय कश्यप, मनोज सरोज, राजकुमार, हरिश्चंद्र, नन्हकू, विनोद आदि शामिल रहे।