भदोही। नगर के इंदिरा मिल फ्लाईओवर का एक लेन गत माह 22 दिसंबर को शुरू होने के बाद दूसरा लेन भी बन कर पूरी तरह तैयार है। गत माह एक लेन शुरू होने के बाद संभावना जताई जा रही थी कि मकर संक्रांति तक दूसरे लेन का भी शुभारंभ हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका। मकर संक्रांति तो बीत चुका है लेकिन अच्छी खबर यह है कि रेल अधिकारियों ने बताया है कि दूसरा लेन भी बन कर पूरी तरह तैयार है और दो दिन में प्रशासन को हैंड ओवर कर दिया जाएगा।
फ्लाईओवर के निर्माण को तीन वर्ष से अधिक समय लगा है। इस दौरान इंदिरा मिल बाइपास मार्ग को बंद कर रखा गया। इससे मिर्जापुर - जौनपुर के बीच चलने वाले वाहनों को भारी दिक्कत हो गई थी तथा उन्हें रेवड़ापरसपुर रेलवे फाटक से डायवर्ट किया गया था। वाहनों के डायवर्जन से रेवड़ापरसपुर, रामरायपुर, रजपूरा, चौरी रोड पर यातायात व्यवस्था लुंजपुंज हो गई थी तथा हर रोज जाम की समस्या होती थी। रोज रोज के जाम के झाम से लोग त्रस्त हो गए थे। इसी बीच प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर दबाव इतना बढ़ा कि 22 दिसंबर को प्रशासन ने केवल एक लेन यातायात के लिए खोल दिया बल्कि संभावना जताई कि मध्य जनवरी तक दूसरे लेन को भी शुभारंभ हो जाएगा।
शुक्रवार को मौके पर निर्माण कार्य देख रहे रेलवे के अवर अभियंता, रितेश राय ने बताया कि काम पूर्ण हो चुका है। पुल की रंगाई का दौर चल रहा है। दो दिन में पुल को जिला प्रशासन को सुपुर्द कर दिया जाएगा जिसके बाद प्रशासन इसे चालू करने के बारे में निर्णय ले सकेगा। इस बावत विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस बारे में वार्ता का दौर चल रहा है।