वाराणसी। प्रदेश के 38 जिलों में इसी माह सहकारिता चुनाव होने हैं। फिलहाल उन्नाव और आगरा को छोड़कर बाकी जिलों में सपा का कब्जा है। पूर्वांचल के 10 जिलों में भी सपा का दबदबा कायम है। बनारस के अलावा जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, बस्ती, देवरिया, गोरखपुर, बलिया, इलाहाबाद आदि जिलों के सहकारी बैंकों में सपा के चेयरमैन हैं। साथ ही सहकारी समितियों में भी सपा का ही वर्चस्व है।
केवल उन्नाव में भाजपा का कब्जा है। आगरा के सहकारी बैंक के चेयरमैन सपा से जीते थे जो इन दिनों भाजपा में शामिल हो गए हैं। अब सहकारिता चुनाव का बिगुल बजने के बाद सपा और भाजपा दोनों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अन्य पार्टियां भी चुनाव में दमखम के साथ उतरने की रणनीति तैयार कर रही हैं। भाजपा इस बार सहकारिता चुनाव में सपा के किले को ध्वस्त करने की रणनीति तैयार कर रही है। उधर, सपा ने भी भाजपा के हमले का जवाब देने के लिए अपने धुरंधरों को लगा दिया है ताकि पिछली बार की तरह इस बार भी सहकारिता चुनाव में अपना वर्चस्व कायम रख सके।