वाराणसी। बिजली की बढ़ी कीमतों के विरोध में बुधवार को व्यापारी सड़क पर उतरे। धरना-प्रदर्शन के बाद सभी कर सरकार को चेताया। कहा कि बिजली की बढ़ी दरें वापस नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे।
मंडलीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारियों का जत्था सुबह खाद्य मंडी विशेश्वरगंज पहुंचकर सभा की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विजय कपूर ने कहा कि सरकार ने राहत के बजाय परेशानी बढ़ाई है। आर्थिक मंदी के दौर में बिजली दर में बढ़ोत्तरी उचित नहीं है। जीएसटी से अभी कारोबार पटरी पर नहीं लौटा है। विद्युत दर में वृद्धि से और परेशानी बढ़ेगी। यदि सरकार को राजस्व हानि की भरपाई करनी है तो वह बिजली चोरी व लाइन लॉस को रोकना चाहिए। इस दौरान मंडल सचिव मुकेश जायसवाल, नंदकुमार, अशोक गुप्ता, नितिन टंडन, राजीव खन्ना, बल्लभ अग्रवाल, डॉ. मनोज यादव, विष्णु शर्मा, पंकज पाठक, नत्थूलाल सोनकर आदि मौजूद रहे।
उधर, विशेश्वरगंज व्यापार मंडी की एक बैठक अशोक गुप्ता के आवास पर हुई। इसमें सदस्यों ने कहा कि सरकार बिजली चोरी रोकने में असफल हो रही है तभी यह निर्णय ले रही है। पहले से कई बार बिजली दरों में बढ़ोत्तरी हो चुकी है। व्यापारियों ने कहा कि बिजली की बढ़ी दरें वापस नहीं ली गईं तो व्यापारी सड़क पर उतरेंगे। इसमें रमेश केशरी, पवन गुप्ता, अनूप चौरसिया, मोनू केशरी, सत्यनारायन गुप्ता, अशोक, विकास, मनोज आदि शामिल रहे।