वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नुआंव में मंगलवार की सुबह रोहनिया की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर दो युवकों की मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने ट्रक चालक मुरारी यादव व खलासी हरिश्चन्द्र को बंधक बना लिया और पुलिस को सौंपा। ग्रामीण सड़क पर ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर जाम लगाने लगे। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। मृतक शिव राजभर (23) और शक्ति विश्वकर्मा (25) रोहनिया के रहने वाले हैं। वहीं रोहनिया में हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
रोहनिया के गंगापुर निवासी शिव राजभर और दरेखू गांव निवासी शक्ति विश्वकर्मा डाफी स्थित निजी कंपनी में कार की पेंटिंग व डेंटिंग का काम करते थे। रोज की भांति दोनो एक ही मोटरसाइकिल से घर से डाफी स्थित कंपनी के लिए निकले थे। नरायनपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवनिर्मित पुल पर आवागमन बंद होने से एनएच-2 से सर्विस रोड पर मोड़ पर ट्रक के अगले पहिए की चपेट में आने से शिव व शक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दोनो का शव ट्रक में फंसकर करीब दस मीटर तक घिसटता रहा। हादसे के बाद ट्रक चालक मुरारी यादव व खलासी हरिश्चंद्र ट्रक छोड़कर भागने लगा। जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। सूचना के बाद मौके पर लंका थानाध्यक्ष संजीव मिश्रा एवं रोहनिया थानाध्यक्ष क्षितिज तिवारी पहुंचे। ट्रक चालक मुरारी यादव ने पुलिस को बताया कि फैजाबाद से ट्रक पर चीनी लादकर चला था और मिर्जापुर में उतारकर ट्रक लेकर चंदासी स्थित कोयला मंडी जा रहा था। शिव की माता राधा देवी व पिता सुभाष राजभर रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। शिव तीन भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। शक्ति विश्वकर्मा के पिता कई वर्षों से लापता हैं। माता सितारा देवी हैं। शक्ति दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था। दूसरी घटना रोहनिया क्षेत्र की है। थाना क्षेत्र के जगतपुर में मंगलवार की देर शाम राजातालाब से शहर की तरफ जा मिनी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में किशन गुप्ता (23) निवासी कछवा रोड की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठे उसका चचेरा भाई अभिषेक गुप्ता गंभीर रुप से घायल हो गया। दुघर्टना के बाद भागने के चक्कर में सडक़ के किनारे जा रहे पंडितपुर निवासी त्रिवेणी मौर्या को भी टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। किशन के परिवार में पिता राजकुमार, माता शशि, दो भाई एवं एक बहन है। एक बहन की भी दो साल पहले राजातालाब में सड़क दुघर्टना में ही मौत हो गई थी।