वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए लाखों की तादाद में कांवरिए उमड़ पड़े हैं। प्रयाग से काशी के बीच सड़कों पर शनिवार को ही शिविरों से लेकर सड़कों तक भोलेभक्तों की चहल पहल बढ़ गई। बोल बम, हर हर महादेव के जयकारे हर तरफ गूंजने लगे हैं। बाजेगाजे के साथ तरह-तरह की झांकियां लेकर कांवरिए देर रात तक काशी पहुंचते रहे।
बाबा विश्वनाथ की नगरी में सावन के दूसरे सोमवार को लेकर शनिवार को ही काशी केसरिया रंग में रंगी नजर आने लगी। दशाश्वमेध घाट पर चितरंजन पार्क में शिव शक्ति कांवरिया भक्त तीर्थयात्री सेवा समिति के शिविर में भोलेभक्तों की सेवा के लिए 60 से अधिक सेवादार पसीना बहा रहे हैं। इस शिविर में करीब तीन लाख से अधिक भक्तों के ठहरने, खाने की व्यवस्था की गई है। लक्सा स्थित सिंधी धर्मशाला में बाबा काशी विश्वनाथ कांवरिया सेवा समिति के शिविर में भी शनिवार को भीड़ बढ़ गई। रात को सड़कों की पटरियों और डिवाइडरों पर भोले भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। इसी तरह रथयात्रा पर काशी कांवरिया शिविर में भी भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। शिविर के संचालक गोपाल सिंह के नेतृत्व में इस बार भक्तों के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था रविवार की रात से ही शुरू हो जाएगी।
मार्कंडेय धाम पहुंचे डीएम, टेका मत्था ली जानकारी
चौबेपुर। क्षेत्र के कैथी गाँव स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में शनिवार की दोपहर जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा पहुंचे और मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने पर्यटन विभाग की ओर से गंगा घाट व मंदिर के मुख्यद्वार पर हो रहे सुंदरीकरण के कार्यो का जायजा लिया। सावन माह में बाबा का जलाभिषेक करने आने वाले भक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सिचाई विभाग के मातहतों को निर्देश दिया।
मौनी बाबा घाट व मारकंडेय महादेव जल लेने पहुंचे कांवरिया
चौबेपुर। गौरा उपरवार घाट व कैथी मारकंडेय महादेव घाट पर जल लेकर त्रिलोचन महादेव व बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने दूर-दूर से कांवरियों का हुजूम पहुंचने लगा है। कांवरिया रविवार भोर से यात्रा प्रारंभ करेंगे। यहां से 70 किमी पैदल चलकर जौनपुर जनपद के त्रिलोचन महादेव में सावन के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक करेंगे। वही गाजीपुर, मऊ, बलिया की तरफ से आये कांवरिया भक्त बाबा मार्कण्डेय महादेव में जलाभिषेक कर अपनी कांवर यात्रा लेकर बाबा विश्वनाथ पहुंच कर जलाभिषेक करेंगे।