वाराणसी। जिला उद्योग बंधु की मंगलवार को रायफल क्लब में हुई बैठक में उद्यमियों ने सुरक्षा का मामला उठाया। डीएम योगेश्वर राम मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में उद्यमियों ने चांदपुर औद्योगिक इकाई की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। कहा कि पूर्व में प्रशासन द्वारा नियमित पुलिस पेट्रोलिंग के वादे को पूरा नहीं किया गया। इस संबंध में डीएम ने उद्यमियों को आश्वस्त कराते हुए संबंधित अधिकारी को दिशा-निर्देश जारी किया।
औद्योगिक क्षेत्र चांदपुर में सीवर लाइन एवं साफ -सफ ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डीएम ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया। मच्छरों से निजात के लिए नगर निगम को नियमित फ ागिंग कराने का निर्देश दिया। चांदपुर क्षेत्र में सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया। उद्यमी बंधुओं ने डीएम से मांग करते हुए कहा कि उद्योग के नाम पर आवंटित खाली भूखंडों का नियमानुसार निरस्तीकरण किया जाए। उद्यमियों द्वारा खराब विद्युत वितरण व्यवस्था पर ध्यान आकृष्ट कराए जाने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर इसे ठीक कराने की बात कही। डीएम ने प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को अवैध ईंट भट्ठों की सूची बनाकर उसे बंद कराने के लिए कार्रवाई का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम सिटी जेएम सिंह, ज्वाइन्ट कमिश्नर उद्योग उमेश सिंह, जिला आबकारी अधिकारी, यूपीएसआईडीसी के अधिकारी एवं औद्योगिक नगर चांदपुर से जुड़े उद्यमी एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया।