सुजानगंज। थाना क्षेत्र के खुजीडीह गांव में रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर शुक्रवार को मनबढ़ों ने गोली मारकर अधेड़ को घायल कर दिया और बचाव के लिए पहुंचे युवक को लाठी डंडे से पिटाई कर फरार हो गए। घायल अधेड़ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है।
खुजीडीह गांव निवासी पारसनाथ पटेल और इसी गांव के विंध्यवासिनी गौतम के बीच रुपये के लेनदेन का विवाद काफी दिनों से चल रहा था। शुक्रवार को सुबह पारसनाथ पटेल(56) अपने दरवाजे पर मौजूद थे तभी तीन की संख्या में लोग उनके पास पहुंचे और रुपयों के लेनदेन को लेकर ही विवाद हो गया। इसी दौरान मनबढ़ों ने तमंचे से गोली मार दी। पारसनाथ के पैर में गोली लगी। गोली लगी वह जमीन पर गिर पड़े। बचाव के लिए उनका भतीजा राकेश कुमार दौड़ कर पहुंचा तो मनबढ़ों ने उसकी भी पिटाई कर घायल कर दिया और तीनों मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां पारसनाथ की हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गोली से घायल पारसनाथ के पुत्र महेश पटेल की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ प्राणघातक हमले के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई तहरीर में महेश पटेल ने कहा है कि खुजीडीह गांव निवासी विंध्यवासिनी गौतम ने उनके पिता पारसनाथ से बीस हजार रुपए उधार लिए थे। कई बार तकादा करने के बाद भी वह पैसे नहीं लौटाए। तीन दिन पहले भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह आरोपी विंध्यवासिनी अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और पारसनाथ को गोली मारकर घायल कर दिया। सीओ बदलापुर उमाशंकर सिंह ने बताया कि घायल पारसनाथ के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।