बीएचयू और सेंट्रल हिंदू स्कूल के गरीब मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए 14 स्कॉलरशिप की शुरुआत की जाएगी। स्कॉलरशिप के लिए परीक्षा में मिले मार्क्स की मेरिट के आधार पर छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। कुल चार संकायों और सात विभागों के साथ ही दो स्कूलों में ये स्कॉलरशिप अगले सत्र से शुरू हो जाएगी।
इन 14 स्कॉलरशिप में काशी के महामहोपाध्याय दिवंगत पंडित रेवा प्रसाद द्विवेदी के नाम पर दो स्कॉलरशिप होगी। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के साहित्य विभाग में संस्कृत व्याकरण और संस्कृत साहित्य के मेधावी छात्र-छात्राओं को ये स्कॉलरशिप मिलेगी।
इन दोनों स्कॉलरशिप का पूरा नाम है- सनातन कवि आचार्य रेवा प्रसाद द्विवेदी संस्कृत विद्या छात्रवृत्ति और आचार्य रेवा प्रसाद द्विवेदी संस्कृत साहित्य छात्रवृत्ति। पं. रेवा प्रसाद 1960 से पहले बीएचयू के इमेरिटस प्रोफेसर के साथ ही यहां के छात्र भी रहे हैं। इन सभी 14 स्कॉलरशिप का प्रस्ताव एकेडमिक काउंसिल में आ चुका है। अगली बैठक में मुहर लगने के बाद अमल में लाया जाएगा।