वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक के लिए रविवार से नई व्यवस्था लागू हो गई है। अब रुद्राभिषेक के टिकट के साथ ही पूजा की थाली के रुपये जमा होने लगे हैं। लिहाजा टिकट का मूल्य 450 रुपये हो गया है। मंदिर में पूजा के नाम पर हो रही धांधली की शिकायतों के बाद मंदिर प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
बाबा दरबार में अब तक सुलभ दर्शन के लिए 300 और रुद्राभिषेक के लिए 330 रुपये का टिकट कटता था। सुलभ दर्शन के हर दो घंटे में अधिकतम डेढ़ सौ टिकट ही काटे जा सकते हैं। इसके बाद टिकट के लिए श्रद्धालुओं को दो घंटे इंतजार करना पड़ता है। जबकि रुद्राभिषेक सुबह छह से शाम छह बजे तक होता है। ऐसे में श्रद्धालु रुद्राभिषेक का टिकट लेकर दर्शन करके चले आते थे। इससे रुद्राभिषेक के टिकट की अपेक्षा पूजा की थाली कम बिकती थी।
वहीं, मंदिर के अंदर पूजा की थाली दो तरह की मिलती थी। एक थाली 100 और दूसरी थाली 200 रुपये में मिलती थी। श्रद्धालुओं की शिकायत थी कि पुजारी दो सौ रुपये लेकर 100 रुपये वाली थाली से पूजा करा देते हैं। मंदिर प्रशासन ने रुद्राभिषेक के साथ थाली का मूल्य जोड़कर टिकट 450 रुपये का कर दिया है। दूध के रुपये अलग से देने होंगे। हेल्प डेस्क प्रभारी सचीश मिश्रा ने बताया कि काउंटर पर ही टिकट कट जाने से श्रद्धालुओं को शिकायत नहीं होगी।