वाराणसी। बीएचयू राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के पहले दिन स्वयंसेवकों को प्राकृतिक संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य वक्ता बीएचयू जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार यादव ने कहा कि देश के विकास में प्राकृतिक संसाधनों की अहम भूमिका होती है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा पांडेय के देखरेख में सुंदर बगिया में चल रहे शिविर में डॉ. संजीव ने कहा कि किसी भी संसाधन पर केवल वर्तमान पीढ़ी का हक नहीं होता, इस पर आने वाली पीढ़ियों का भी उतना ही हक है। हर व्यक्ति को अपने 80 वर्ष के जीवनकाल में कम से कम 320 पेड़ लगाना चाहिए तभी उसके द्वारा होने वाले कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम समन्वयक प्रो. पीके शर्मा ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा में बढ़ चढ़कर भागीदारी करते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शिवांगी पांडेय, अंकुश गुप्ता और धन्यवाद ज्ञापन विश्वभूषण तिवारी ने किया।