वाराणसी। सिंडिकेट बैंक बड़ा लालपुर और एसबीआई कपसेठी में हुई चोरी के मामले में तीन बदमाशों को क्राइम ब्रांच और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की शिनाख्त शिवपुर के सभईपुर के मनोज कुमार पटेल व खारीउंदी के रोहित कुमार पटेल और जंसा के जलालपुर के अमरदीप पटेल के तौर पर की गई है। पुलिस के अनुसार तीनों अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाश हैं और उनके पास से सब्बल, घरेलू सिलिंडर, कागज रोल, कैश डिपॉजिट मशीन, सीसी कैमरा, चार पासबुक और तीन मोबाइल बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया गया। तीनों अपने और गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के साथ ही आर्थिक तंगी से निजात पाने के लिए चोरी करते थे।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि बीते साल 27 दिसंबर को सिंडिकेट बैंक बड़ा लालपुर में लगे सीसी कैमरे तोड़ कर स्ट्रांग रूम के दरवाजे को गैस कटर से काटने का प्रयास किया गया था। इससे पहले बीते साल 24 नवंबर को एसबीआई कपसेठी की खिड़की को तोड़ कर चोरी का प्रयास किया गया था। दोनों बैंक के सीसी कैमरे के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर की फुटेज खंगाल कर क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने सर्विलांस की मदद से तफ्तीश शुरू की। चिह्नित आरोपी मनोज, रोहित और अमरदीप के वरुणा पुल के समीप मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर गुरुवार की आधी रात बाद क्राइम ब्रांच प्रभारी ने अपनी टीम के एसआई प्रदीप यादव, सुमंत, पुनदेव, रामभवन, सुरेंद्र, कुलदीप, चंद्रसेन, रामबाबू, रमेश और इंस्पेक्टर कैंट विजय बहादुर सिंह के साथ तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों गुजरात में मूर्ति बनाने का काम करते थे। बनारस का होने के कारण तीनों में वहीं दोस्ती हुई। इसके बाद गुजरात से वापस बनारस लौट आए। वेल्डिंग का काम करने के कारण रोहित गैस कटर से कटिंग में माहिर है। तीनों ने बताया कि चोरी करने से पहले वो घर, दुकान या बैंक की रेकी करते थे। तीनों ने स्वीकार किया कि अब तक बनारस के अलावा गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और बिहार के अलग-अलग शहरों में कई जगह चोरियां कर चुके हैं।