वाराणसी। संकट मोचन मंदिर में विस्फोट की धमकी के बाद मंदिर ट्रस्ट की ओर से आंतरिक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षाकर्मियों की मॉनिटरिंग के लिए भी कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। मंदिर के पुराने कैमरों की जगह एचडी सीसी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षाकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है, ताकि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता बनाया जा सके।
मंदिर में 7 मार्च 2006 को हुए बम विस्फोट और दोबारा मिली धमकी को लेकर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। वहां तैनात कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है। वहीं कैमरे भी अपडेट किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में कुल 32 एचडी सीसी कैमरे, मेटल डिटेक्टर गेट, वायरलेस सेट, 25 सुरक्षाकर्मी, पांच महिला सुरक्षाकर्मी हैं। साथ ही सभी गेटों पर 24 घंटे गार्ड तैनात हैं। मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्रा ने बताया कि सतर्कता बरती जा रही है। बाकी सुरक्षा तो संकट मोचन भगवान की ही है। अब तक सुरक्षा कर्मियों के ऊपर ही सुरक्षा थी, अब उनकी भी मॉनीटरिंग कराई जा रही है। उनकी संख्या भी बढ़ाई गई है। मंदिर में लगे कैमरे भी अत्याधुनिक हैं जो चारों ओर कवर करते हैं।