ज्ञानपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में विभिन्न स्थानों पर योग शिविर का आयोजन कर लोगों को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जिले में 106 स्थानों पर योग दिवस के कार्यक्रम होंगे। वीएनजीआईसी में बड़े शिविर के लिए बांस-बल्लियां लगाई जा रहीं हैं।
अंर्तराष्टीय योग दिवस को लेकर जिले भर में कई जगहों पर एक दिन पूूर्व योग शिविर का आयोजन कर प्रोटोकाल योगाभ्यास कराया गया। इस बार जिले के 106 स्थानों पर योग दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए ज्ञानपुर स्थित बीएनजीआईसी ग्राउंड में बड़े शिविर के लिए बांस बल्ली को लगाने का काम देर शाम पूरा कर लिया गया। पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी संदेश योगी ने योग दिवस पर सुबह 6 से 8 बजे तक होने वाले योग के लिए साधकों को बुधवार को प्रोटोकाल योगाभ्यास कराया। इसके लिए पतंजलि योग समिति के कार्यकर्ताओं को योग दिवस संबंधित बुकलेट, पोस्टर और अंगवस्त्र दिया गया। उन्होंने बताया कि सांसद, डीएम और एसपी समेत जिले के आलाधिकारी ज्ञानपुर के बीएनजीआईसी में योग करेंगे। लालानगर प्रतिनिधि के अनुसार गोपीगंज के बडे शिव मंदिर में अंर्तराष्टीय योग दिवस को लेकर बुधवार को योग शिविर का आयोजन किया। इस दौरान योग शिक्षक सच्चिदानंद के नेतृत्व में रैली निकालकर योग के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए ज्यादा से ज्यादा संख्या में योग करने का आवहन किया गया। वहीं चौरी क्षेत्र स्थित के गोहिलांव गांव में गायत्री चेतना केंद्र पर अंतरराष्टीय योग दिवस की तैयारी को लेकर बुधवार को एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 21 जून को सुबह सात बजे से योग शिक्षक देवनाथ पटेल योग साधकों को योगाभ्यास कराएंगे।