ज्ञानपुर। जिले को सुंदर बनाने के साथ ही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुुंचाने के मकसद से जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल की दीवारों पर बुधवार को केएनपीजी कॉलेज के चित्रकला के छात्र-छात्राओं ने स्लोगन और चित्रकारी की। छात्र-छात्राओं ने अस्पताल की चहादीवारी पर योजनाओं की जानकारी जीवंत पेंटिंग के जरिए उकेरी।
जिलाधिकारी विशाख जी ने गत दिनों जिले के सुंदरीकरण और शासन की कल्याणकारी योजनओं की जानकारी सरकारी भवनों पर पेंटिंग-चित्रों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में बुधवार को को केएनपीजी कॉलेज के चित्रकला विभाग के दर्जनों छात्र-छात्राएं कूंची और रंगों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान अस्पताल की चहादीवारी पर शिक्षा, पशुधन, खाद्य, उपभोक्ता संरक्षण, बाल विकास, सड़क सुरक्षा सहित 40 विभागों की योजनाओं का खाका चित्रों के जरिए उकेरा। अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए छात्रों ने चित्रों को खूबसूरती से तैयार कर योजनाओं की जानकारी लोगों तक सहज-सरल तरीके से पहुंचाने की कोशिश की। इस दौरान प्राचार्य डॉ. शुभ्रा श्रीवास्तव ने महाविदालय को इस काम के लिए चुने जाने पर गर्व जताया। चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार ने भी उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में कमलेश, श्रेया, प्रीति, किरण, सोनम, कौशिकी, मिथलेश, रोमिता, कंचन, पुष्पांजलि, पुष्पा, रिशु, शिवांगी, काजल, प्रेिया, नशाख, शशिलता, नीलम, सोनी जैसवारा, संगीता, श्वेता राय, मनीषा यादव, दीपक सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे।