वाराणसी। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दूसरे चरण में गुरुवार को प्रशासनिक दस्ते ने मंडुवाडीह के साथ ही वरुणापार इलाके में कार्रवाई जारी रखी। अतिक्रमण के दायरे में आने वाले कई स्थाई, अस्थाई निर्माण ढहाए। नदेसर से मिंट हाउस तक के अतिक्रमणों पर जेसीबी चलते ही अफरातफरी मच गई। सपा कार्यालय का टिन शेड और पिलर के अलावा दो बड़े शोरूमों के अवैध निर्माण तोड़े गए। मंडुवाडीह सब्जी मंडी और बाजार के अतिक्रमण के साथ ही यहां पुलिस बैरक का बाकी बचा हिस्सा भी ढहा दिया गया।
मंडुवाडीह थाना के पीछे स्थित पौराणिक-ऐतिहासिक महत्व के मांडवी तालाब की भी तस्वीर बदलने लगी है। तालाब किनारे चिह्नित अतिक्रमणों में अधिकतर को ढहा दिया गया है जबकि कुछेक भवन स्वामी एक दिन की मोहलत लेकर खुद अपना अवैध निर्माण तोड़ने में जुटे हैं। अवैध निर्माणों का जाल हटने के बाद गुरुवार को अरसा बाद जब तालाब पर लगी लाहौरी ईंटें दिखाई देने लगीं तो आसपास रहने वाले बुजुर्गों को इसके पुराने स्वरूप की यादें ताजा हो उठीं। पोकलेन से तालाब की सफाई का काम जारी है। तालाब से पानी निकासी के लिए यहां पंप भी लगा दिए गए हैं। एसीएम प्रथम सुशील गौड़ के नेतृत्व में मंडुवाडीह सब्जी मंडी से तालाब तक मुहिम चलाई गई। तालाब किनारे के कुछ भवन स्वामियों ने खुद अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन की मोहलत ली है। वहीं, एसीएम चतुर्थ नीता यादव की अगुवाई में वरुणापुल से नदेसर होते हुए मिंट हाउस तक अभियान चलाया गया। इस दौरान नाली पाटकर पक्का निर्माण कराने वालों दो शोरूम के आगे के हिस्से तोड़े गए। वरुणापुल के पास सपा के महानगर कार्यालय के टिनशेड और चार पिलरों को तोड़ा गया। मिंट हाउस पर दुकानदारों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। जोनल अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि छावनी परिषद के अधिकारियों के सहयोग से मिंट हाउस के आसपास पाथवे से अतिक्रमण हटाया गया।