वाराणसी। केंद्रीय दल के सदस्यों के रमचंदीपुर गांव में मौका-मुआयना पर उनके साथ गए जिला खनन अधिकारी अनिल सिंह तमाम सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। सदस्यों ने जब नदी से गांव की दूरी पूछी तो वो सही जवाब नहीं दे पाए। इस बारे में नायब तहसीलदार जाल्हूपुर वंदना मिश्रा भी सही जानकारी नहीं दे सकीं। इसे लेकर दल में शामिल सदस्य असंतुष्ट नजर आए।
खनन अधिकारी ने दल को बताया कि 12 एकड़ में दो मीटर की गहराई तक अनुमति है। दल ने अपनी डायरी में दर्ज किया कि मौके साढ़े तीन से पौने चार मीटर तक खनन किया गया है। वहीं, आराजी नंबर 426 कहां से कहां तक है, इस बारे में भी खनन अधिकारी के साथ राजस्व अधिकारी कुछ नहीं बता पाए। इसी तरह कई अन्य सवालों पर भी खनन अधिकारी ने कागज तो उपलब्ध कराए परंतु मौखिक रूप से स्पष्ट जानकारियां नहीं दे सके।