रेलवे ने होमगार्डों को काम पर रखने का फैसला लिया है। मानव रहित रेलवे फाटकों पर होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। पहले चरण में पूर्वांचल में कुल 425 होमगार्डों की तैनाती होगी। इनमें चंदौली में 35 की तैनाती होगी। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन्हें प्रतिदिन 325 रुपये के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। रेलवे हर माह पहले सप्ताह में उनके एकाउंट में पैसा जमा करेगा।
सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि मानव रहित रेलवे क्रांसिंग पर रेल दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे जल्द यूपी पुलिस के होमगार्डों की तैनाती करने जा रहा है। रेलवे और होमगार्ड विभाग के बीच मसौदा तैयार हो चुका है। इस पर मुहर भी लग चुकी है। पहले चरण में पूर्वांचल में 425 होमगार्डों को मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर तैनात किया जाएगा। चंदौली जिले के कुल 10 मानव रहित क्रासिंग पर 35 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। क्रासिंग पर तैनात होम गार्डों की ड्यूटी की निगरानी रेलवे के अधिकारी करेंगे। होमगार्डों को फ्लैग, टार्च, फोल्डिंग चेयर, मेज, अस्थायी हट, रेनकोट और एलईडी लैंप, सेफ्टी जैकेट उपलब्ध कराया जाएगा। होमगार्डों को मोबाइल फोन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वह निकट के रेलवे कार्यालय एवं कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। होमगार्ड 8-8 घंटे के तीन शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। रेलवे उन्हें परिचय पत्र भी देगा।