वाराणसी। सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल कमच्छा में आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय संगीत एवं कला प्रतियोगिता ‘स्वरोदय’ एवं ‘रंगोत्सव’ का रंगारंग समापन मंगलवार को हुआ। प्रतिभागियों ने नृत्य की सतरंगी प्रस्तुतियों से समापन अवसर को सजाया जहां लोकनृत्य की रंग बिरंगी छटा बिखरी तो शास्त्रीय नृत्य से प्रतिभागियों ने दर्शकों को अपना कायल बना दिया। भरतनाट्यम और कथक नृत्य से जहां प्रतिभागियों ने अपने शास्त्रीय हुनर को करीने से पेश किया, वहीं राजस्थानी, कालबेलिया समेत लोकनृत्यों की बेहतरीन प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता के तहत फेस पेंटिंग और रंगोली में प्रतिभागियों की रचनात्मक और सृजनात्मक प्रतिभा निखर कर सामने आई।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में शहर के करीब दस स्कूलों ने हिस्सा लिया। दोनों दिन की प्रतियोगिता में सर्वाधिक पुरस्कार अपने नाम कर मेजबान स्कूल सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल की टीम ने विजेता ट्राफी जीती। दूसरे स्थान पर संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल और तीसरे स्थान पर मुकुराण्यम इंग्लिश स्कूल रहा। निर्णायक मंडल में प्रो. माला होम्बल, भोलानाथ मिश्र, विनोद मिश्र, वेद प्रकाश मिश्र और डॉ. अंजना बनर्जी रहीं। प्रधानाचार्या आभा अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का समन्वय कावेरी भादुड़ी, दिनेश यादव, डॉ. सिद्धार्थ चौधरी, चंदा रानी, शर्मी अग्रवाल, मॉमिता रॉय का रहा। संचालन डॉ. रश्मि व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंचल कुमारी ने किया।