वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल के ब्लड बैंक में फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया है। गुरुवार देर रात एप्रेन पहने, गले में आला लटकाए पहुंचे इस जालसाज को उस वक्त पकड़ा गया, जब वह रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर रहा था। वहां मौजूद कर्मचारियों की सूचना पर सुरक्षा गार्डों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए व्यक्ति ने खुद को चंदौली जिले के मुगलसराय के नजदीक पड़ाव का निवासी मोहम्मद गोलू बताया। पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बच्चों की मौत के मामले की बीच अस्पताल के ब्लड बैंक में फर्जी डॉक्टर के पकड़े जाने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार रात करीब 10 बजे पैथालॉजी में फार्मासिस्ट, पैरामेडिकल स्टाफ ड्यूटी पर थे तभी एक डॉक्टर वहां पहुंचा और ड्यूटी रजिस्टर पर साइन करने लगा। वहां तैनात कर्मचारियों ने जब कारण पूछा तो वह उनसे उलझ गया। शंका होने पर कर्मियों ने इसकी सूचना सुरक्षाकर्मियों को दी। सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे लंका पुलिस उसे न्यायालय लेकर पहुंची तो मामले में ढिलाई बरतने पर पर जज ने पुलिस को फटकार लगाई। बाद में न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।