फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशी में योग का महाकुंभ

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। पौ फटने से पहले बुधवार को पतित पावनी गंगा के तट से लेकर पार्कों, घर की छतों तक योग की अलख जगाने के लिए लोग निकल पड़े। इस महोत्सव को साकार करने के लिए महीने भर से अभ्यास में जुटीं महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखते बना। उत्सव जैसे माहौल में सिगरा स्टेडियम, शहीद उद्यान, बीएचयू, काशी विद्यापीठ, संस्कृत विश्वविद्यालय, यूपी कॉलेज, आईएमए, छावनी, एयर फोर्स परिसर से रामनगर के किला राजपथ तक लोगों ने अलग-अलग योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। शहर भर में हर छोटे-बड़े संस्थानों में योग शिविर आयोजित हुए।
विज्ञापन


योगशाला में उमड़े साधक, जाना योग क्रियाओं का महत्व
वाराणसी। अमर उजाला और पतंजलि योग समिति की ओर से शहीद उद्यान सिगरा में आयोजित योगशाला में शहरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। योग गुरु हरिशंकर दुबे और पतंजलि योग समिति की जिलाध्यक्ष कुशला जायसवाल ने यहां भुजंगासन, पादपासन, शवासन, प्राणायाम सहित कई आसनों का अभ्यास कराया। योग क्रियाओं से होने वाले लाभ की जानकारी दी। भजनों के मधुर संगीत के बीच लोगों ने पूरे उत्साह से योगाभ्यास किया। योगशाला की शुरुआत सुबह 5:30 बजे से हुई लेकिन लोग इसके एक घंटा पहले से ही पार्क में पहुंचने शुरू हो गए थे। दीप प्रज्जवलन के बाद योग का शुभारंभ हुआ। दो घंटे तक बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पूरी तन्मयता से योगाभ्यास किया। इस दौरान पाणिनी कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने वैदिक गीतों से कार्यक्रम को और भव्य बनाया। इस दौरान ऊषा राज मौर्या, ऊशा दूबे, शशि अवस्थी, नंदिता आदि मौजूद रहे।

बीएचयू में भी नजर आया उत्साह
वाराणसी। बीएचयू में भी योग दिवस का उत्साह छाया। मालवीय भवन में पांच सौ से अधिक लोगों ने एक साथ योग किया। कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए। डॉ. योगेश भट्ट ने योगाभ्यास कराया। इसी तरह एंफीथिएटर ग्राउंड और रुइया मैदान में 3 यूपी आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी के 500 से अधिक कैडेट्स ने योगासन और प्राणायाम किए। सुबह दस बजे मालवीय भवन में आयोजित योग दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी ने कहा कि योग की बदौलत ही भारत के युवा सामर्थ्यवान बन सकते हैं। अध्यक्षता पद्मश्री प्रो. रामहर्ष सिंह ने की। निदेशक प्रो. उपेंद्र पांडेय ने स्वागत किया। संचालन डॉ. उपेंद्र त्रिपाठी व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. केएम त्रिपाठी ने किया। उधर, केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में वैदिक प्रार्थना और शांति पाठ के साथ योग दिवस मनाया गया। केवी संगठन वाराणसी संभाग के उपायुक्त डीटी सुदर्शन राव की मौजूदगी में शिक्षकों, विद्यार्थियों व कर्मियों ने अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम समेत कई योग आसन किए। संयोजन प्राचार्य डॉ. पूनम सिंह और संचालन श्याम लाल सिंह यादव ने किया। ऐसे ही सेंट्रल हिंदू ब्वायज स्कूल के सरगा हॉल में योग किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. नीरू वहाल ने योग का महत्व बताया। वहीं सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल में अनीता सिंह व डॉ. राजीव ने छात्राओं व अध्यापकों को योग कराया। प्रधानाचार्य आभा अग्रवाल ने योग को दिनचर्या में शामिल करने के लिए सभी को प्रेरित किया।
विज्ञापन


बुर्कानशीं मुस्लिम महिलाओं ने भी किया योग
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर काशी में बुर्कानशीं मुस्लिम महिलाओं ने भी योग किया। वरुणानगरम् कॉलोनी में योग कर महिलाओं ने ‘योग की माया, निरोगी काया’ का संदेश दिया। प्रशिक्षक अश्विनी कुमार के अलावा मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के काशी प्रांत के संयोजक डॉ. इरफान अहमद शमसी ने योग और इस्लाम के समन्वय के बारे में बताया। इस मौके पर ‘योग और इस्लाम’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी ने कहा कि आज पूरी दुनिया तनाव से मुक्ति के लिए योग की शरण में आ गई है। मुख्य अतिथि डॉ. हेमंत गुप्ता ने बताया कि योग से डायबिटीज, गठिया, थायरायड, माइग्रेन जैसी बीमारियां ठीक हो सकती हैं। इस अवसर पर डॉ. राजीव श्रीवास्तव, सीमा बेगम, नजमा परवीन, अर्चना भारतवंशी, तय्यब, शाहजहां, शबाना, नूरजहां, शहाना, खुर्शीदा, आमना, मुन्नी, फातमा आदि मौजूद रहे।

बाल सांसदों ने भी किया योग
वाराणसी। बाल संसद की ओर से बुधवार को ‘योगा फॉर हेल्थ’ कार्यक्रम के तहत हुुकुलगंज में बाल सांसदों ने भी योग किया। योग प्रशिक्षण शिवेंद्र सिंह ने उन्हें कई योग के आसन कराए। डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने बच्चों को योग को दिनचर्या में शामिल करने की प्रेरणा दी। उधर, गौतम विहार कॉलोनी स्थित पार्क में पांच दिवसीय योग शिविर में योगाभ्यास के साथ ही संयोजक श्रीराम मौर्य और डॉ. राजकुमार पांडेय ने योग की महत्ता बताई। मुख्य अतिथि पूर्व अपर निदेशक डॉ. राम विलास दुबे रहे। शिविर में आयोजक अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव अशोक कुमार पांडेय, राधेश्याम पांडेय,कृपाशंकर दीक्षित, ओपी वर्मा, जनार्दन राय, पार्षद राजेंद्र पटेल, विशाल पांडेय, अरविंद दीक्षित और सोनू श्रीवास्तव आदि रहे।

आईएमए में चिकित्सकों ने लगाया शिविर
आईएमए सभागार में चिकित्सकों ने योग शिविर लगाया और योगाभ्यास कर उसे जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार राय, सचिव डॉ. कार्तिकेय सिंह के देखरेख में योग प्रशिक्षक अमनदीप, प्रदीप कश्यप ने योग की विविध क्रियाओं की जानकारी दी। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह, डॉ. एमएस चतुर्वेदी, डॉ. वीएम सिंह, डॉ.एसके सिंह, डॉ. आकांक्षा सिंह आदि ने योग किया।

यूपी कॉलेज में एनसीसी कैडेटाें ने बिखेरी रौनक
यूपी कॉलेज में 100 बटालियन एनसीसी के कैडेटों और अधिकारियों ने योग किया। ग्रुप कमांडर कर्नल नथावत ने कैडेटों को योग के फायदे बताए। कैंप कमांडेंट कर्नल बहादुर सिंह, डिप्टी कैंप कमांडेंट ले. कर्नल नंदा बल्लभ, डॉ. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. अशोक कुमार सिंह, सूबेदार मेजर कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे। उधर भारतीय रिसर्च एंड डेवलपमेंट आर्गनाईजेशन की ओर से मान मंदिर घाट पर योग शिविर लगाया गया। यहां एनडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों के साथ क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। अस्सी घाट पर भी आयोजित योग महोत्सव में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

डीरेका में कराया गया योगाभ्यास
डीरेका बास्केटबॉल मैदान में आयोजित योग महोत्सव में बड़ी संख्या में डीरेका कर्मी शामिल हुए। मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सुनीत शर्मा और अन्य विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक नरेंद्र कुमार वर्मा ने योगाभ्यास कराया। मुख्य विद्युत इंजीनियर एके सिंघल, मुख्य विपणन प्रबंधक आरआर झा, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर उत्पादन योगेश मोहन, मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर एके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीतांबर प्रसाद, मुख्य सामग्री प्रबंधक इंजन मनोज कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी आरके चौधरी और सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज आदि ने यहां योग किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें