वाराणसी। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बुधवार को कैंटोंमेंट स्थित सभागार में अनौपचारिक बातचीत में कहा- देश में पहली बार सत्ता की लहर है और कांग्रेस हताश है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव का बयान यह साबित करता है कि कांग्रेस के नेताओं के दिमाग में दुर्योधन और रावण जैसे लोग ही रहते हैं।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद ऊर्जा क्षेत्र के कामों का जिक्र किया और कहा- अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। उपभोक्ताओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए सभी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। उपकेंद्रों से लेकर क्षेत्रवार अधिशाषी अभियंता, एसडीओ और जेई की तैनाती की गई है। सभी क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता व उस पर पड़ रहे लोड की रिपोर्ट बनाने के आदेश दिए गए हैं। श्रीकांत शर्मा ने बताया कि ग्रिड की क्षमता बढ़ाने से लोगों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। यही कारण है कि 2014, 2017 में चुनावी मुद्दा रहा बिजली इस बार गायब है। उन्होंने बताया कि 2032 तक प्रदेश की ऊर्जा खपत कितनी है। इसका डाटा अभी से तैयार है। उसको ध्यान में रखते हुए कार्य किया जा रहा है। अगले साल की गर्मियों की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। बिजली चोरी रोकने के लिए टास्कफोर्स का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि रमजान के दृष्टिगत निर्बाध बिजली के आदेश दिए गए हैं।
भदोही में बनया जा रहा उपकेंद्र
भदोही में 220/400 क्षमता का उपकेंद्र बनाया जा रहा है। हालही में जौनपुर में उपकेंद्र शुरू किया गया। इससे इन क्षेत्रों से जुड़ी बिजली समस्या समाप्त हो गई है। समस्याओं के निस्तारण में तेजी आई है। बताया कि बिजली संबंधी समस्या के निस्तारण कि लिए काशी में 60 सीटर क्षमता का कॉल सेंटर बनाया गया है। 1912 पर कॉल कर बिजली संबंधी समस्या की शिकायत की जा सकती है। इसकी मॉनीटरिंग खुद करने की बात कही।