सेवापुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में जाति, भाषा और क्षेत्र का भाव समाप्त किया है। उन्होंने गरीब की जाति नहीं पूछी और उज्ज्वला और आयुष्मान जैसी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर उनके जीवन में सुधार किया। पांच साल में पीएम मोदी ने देश की मजबूती का अहसास कराया और पूरी दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया। योग और कुंभ को दुनिया में नई पहचान दिलाई और देश की सुरक्षा को सुदृढ़ किया। देश और दुनिया को एक साफ संदेश भी दिया कि आतंकवादी पाताल में छिपेगा तो उसे छोड़ेंगे नहीं। पाकिस्तान में जाकर गोली चलाने और उसके गोली का जवाब गोले से देने की क्षमता का परिचय मोदी ने ही दिया है।
बड़ौरा बाजार में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा भारत के दुश्मनों में भय और अहसास है कि नया भारत दादागिरी व सम्मान से खिलवाड़ नहीं सहेगा। पिछले पांच साल में देश में आतंकवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार समाप्त हुआ है। देश के साथ काशी को नई वैश्विक पहचान दिलाई। कहा, पांच वर्षो में काशी में बदलाव हुआ है। गंगा का काशी विश्वनाथ से मिलन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। घाटों और मंदिर का सुंदरीकरण, विश्वनाथ धाम का विस्तारीकरण, फोरलेन सड़कें, वाराणसी से हल्दिया तक जल परिवहन, बीएचयू को एम्स के बराबर दर्जा, दो कैंसर अस्पताल के काम से रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। अगले कुछ ही सालों में देश के बड़े औद्योगिक शहरों में काशी भी शामिल होगी।
इस दौरान राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक नीलरतन पटेल, अवधेश सिंह, सुरेंद्र नारायण सिंह, अमरनाथ यादव, देवेंद्र प्रताप सिंह, नवरतन राठी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
पटेल और आंबेडकर को मोदी ने सम्मान दिया
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल और डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र किया और कहा, भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन महापुरुषों का उचित सम्मान किया। मोदी ने सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा बनवाई और प्रदेश सरकार ने सेवापुरी में उनके नाम से कॉलेज खोल रही है। बाबा साहेब को सम्मान देने के लिए का पंच तीर्थ का नामक भव्य स्मारक बनाया।
पश्चिम बंगाल की जनता परेशान
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के दौरे का जिक्र किया और कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से वहां की जनता परेशान है और छुटकारा चाहती है। प्रचार के दौरान हेलीकाप्टर नहीं उतरने की अनुमति पर सड़क मार्ग से गया तो पूरे रास्ते में खड़े लोग मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे।
कई बार खराब हुआ माइक
मुख्यमंत्री निर्धारित समय से काफी विलंब से जनसभा स्थल पर पहुंचे। इसके लिए उन्होंने लोगों से क्षमा मांगी। बताया, मध्यप्रदेश के कई कार्यक्रमों के चलते ऐसा हुआ है। उनके संबोधन के दौरान माइक भी कई बार खराब हुआ।