पिंडरा। फूलपुर में मंगलवार की रात आई बारात के दौरान शराब को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ। इससे नाराज एक पक्ष के लोगों ने बुधवार की सुबह दूल्हे और उसके भाई की जमकर पिटाई कर वाहनों में तोड़फोड़ की। प्रकरण को लेकर दूल्हे के भाई वायुसेना के जवान अभिनव सिंह की तहरीर पर एक नामजद और 40 अज्ञात के खिलाफ फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, दूल्हा अभिषेक सिंह प्रयागराज के हंडिया थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात बताया गया है।
चोलापुर थाना के नेहिया गांव से बारात फूलपुर गई थी। रात में बारात में शामिल लोग आर्र्केस्ट्रा के दौरान कई बार शराब पीने के लिए किराए पर आए वाहनों को शराब ठेके पर ले गए थे। इसी बात को लेकर बारातियों और वाहन चालकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। दूल्हे और उसके भाई ने बीचबचाव के दौरान वाहन चालकों को फटकार लगाई थी। इसे लेकर वाहन चालक दूल्हे और उसके भाई से खासे नाराज थे।
बुधवार की सुबह जब दूल्हा, उसका भाई और दुल्हन कार से घर लौट रहे थे तो रमईपुर मोड़ पर नाराज वाहन चालकों के समर्थन में एकत्र लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान बारात में शामिल वाहनों में तोड़फोड़ की गई और दूल्हे व उसके भाई की पिटाई की गई। सूचना पाकर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती हमलावर भाग निकले थे। प्रकरण को लेकर दूल्हे के भाई अभिनव की तहरीर पर पुवारी कला निवासी सुनील सिंह और 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।