वाराणसी। बीएचयू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (आईएमएस) के पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव एलिक्जर का मंगलवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन स्वतंत्रता भवन के लॉन में आयोजित प्रो नाइट में जाने माने पार्श्व गायक शंकर महादेवन के बेटे सिद्धार्थ महादेवन ने अपनी गायिकी से मेडिकल छात्रों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
अंतिम दिन के कार्यक्रम की शुरूआत फन गेम से हुई। इसमें प्रतिभागियों से एक बॉक्स में पर्चा डालकर उनसे उसका नाम पूछा गया। सही सवाल का जवाब देने वालों को पुरस्कृत भी किया गया। इसके बाद स्वतंत्रता भवन में आयोजित समारोह में गायन, नृत्य, क्विज, रंगोली आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। शाम को आयोजित प्रो नाइट कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें शंकर महादेवन के बेटे सिद्धार्थ महादेवन ने टुकुर टुकुर... गीत से लेकर भाग मिल्खा भाग... के गीत की प्रस्तुति कर सभी को झूमा दिया। इधर, छात्रों ने भी ताली बजाकर महादेवन का पूरा साथ दिया।