वाराणसी। कैंट बस स्टैंड के समीप निर्माण कार्य के लिए सोमवार को निर्माणाधीन चौकाघाट फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही अचानक रोक दी गई। नतीजतन, कैंट रेलवे स्टेशन के सामने से अंधरापुल होते हुए चौकाघाट चौराहे के साथ ही आसपास के अन्य इलाकों में सुबह से देर शाम तक भीषण जाम लगा रहा। इस बीच ट्रैफिक पुलिस की ओर से न तो रूट डायवर्जन का प्लान बनाया गया और ना ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। इसके चलते राहगीर जाम से जूझते रहे और पुलिस को कोसते रहे।
चौकाघाट फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है और इसके लिए कैंट बस अड्डे के समीप पिलर तोड़े जाने हैं। सोमवार की सुबह पूर्व सूचना के बगैर वाहनों की आवाजाही रोक कर काम शुरू करा दिया गया। इसके चलते फ्लाईओवर के दोनों तरफ की सर्विस लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और दो किलोमीटर से लंबी कतार लग गई। वहीं, इसके चलते अंधरापुल से तेलियाबाग व नदेसर जाने वाले मार्ग, कैंट रेलवे स्टेशन से इंग्लिशिया लाइन मार्ग और तेलियाबाग से मलदहिया चौराहा होते हुए फातमान मार्ग भी भीषण जाम की चपेट में रहा। हालत यह रही कि एक किलोमीटर का फासला तय करने में लगभग 45 मिनट का समय लग जा रहा था और ट्रैफिक पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी।
डग्गामार वाहनों ने बढ़ाई मुश्किल
कैंसर अस्पताल से कैंट रोडवेज तक चौकाघाट फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण रोजाना जाम लगता है। मगर, ट्रैफिक पुलिस की मेहरबानी से डग्गामार वाहनों का अवैध स्टैंड धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। सोमवार को भी जब वाहनों की कतार लगी हुई थी तो कैंट बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के समीप डग्गामार वाहन सड़क और पटरियों पर जस के तस खड़े थे।
गोदौलिया से मैदागिन के बीच जूझे राहगीर
अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से सड़क पर वाहनों के खड़े होने के साथ ही वाहन लेकर आगे निकलने की जल्दबाजी के कारण सोमवार को गोदौलिया से चौक होते हुए मैदागिन मार्ग पर भी भीषण जाम लगा। इस दौरान जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मी अपने मोबाइल में ही उलझे नजर आए।