वाराणसी। कैंट थाना अंतर्गत पहड़िया मंडी के समीप बुधवार को एसटीएफ और एनसीबी की संयुक्त टीम ने एक ट्रक में लदे शकरकंद के बोरों के बीच से 270 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा के साथ ओडिशा के कोरापुर जिला निवासी अंतर प्रांतीय तस्कर महेंद्रन हंतल और जन्मुरी रमेश को गिरफ्तार कर कैंट पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।
एसटीएफ की वाराणसी इकाई के डिप्टी एसपी विनोद सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा की खेप लेकर तस्कर आजमगढ़ जा रहे हैं। इस सूचना पर नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) से संपर्क किया गया। इसके बाद एसटीएफ के इंस्पेक्टर शैलेष प्रताप सिंह, विपिन राय व अमित श्रीवास्तव और एनसीबी की टीम ने पहड़िया मंडी के समीप घेरेबंदी कर ट्रक से गांजा बरामद किया। पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वो ओडिशा के कोरापुर से गांजा की खेप लेकर आजमगढ़ जा रहे थे। आजमगढ़ तक गांजा की खेप पहुंचाने पर उन्हें 50 हजार रुपये मिलते। दोनों के अनुसार वो इस काम में दो साल से लगे हैं। ट्रांसपोर्टर ट्रक में सामान बुक कराते थे और बीच रास्ते में मिलकर तस्कर सामान के नीचे गांजा रख देते थे। डिप्टी एसपी ने बताया कि दोनों तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर इस अवैध धंधे में लिप्त अन्य की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की एक टीम को आजमगढ़ रवाना कर दिया गया है।