वाराणसी। भाजपा के पांच पार्षदों को कॉल कर धमकाने के मामले में सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से शनिवार को क्राइम ब्रांच ने छावनी क्षेत्र से दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की शिनाख्त चोलापुर के चंदापुर के अमित कुमार और आयर बाजार के राहुल जायसवाल के तौर पर हुई। दोनों के पास से दो तमंचा, दो कारतूस, धमकी देने में प्रयुक्त दो मोबाइल सिम और बाइक बरामद कर जेल भेज दिया गया। दोनों के खिलाफ रंगदारी मांगने और आर्म्स एक्ट के तहत सात मुकदमे दर्ज हैं।
30 मई से दो जून के बीच भाजपा के पांच पार्षदों को कॉल कर आजमगढ़ जेल में निरुद्ध एजाज अंसारी के नाम से धमकाया गया था। दो पार्षदों के पास दो बदमाश जाकर मोबाइल से बात कराए थे, जबकि तीन पार्षदों के पास कॉल आई थी। एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को सौंपी गई। तफ्तीश में सामने आया कि धमकी गाजीपुर जेल में निरुद्ध चोलापुर के चंदापुर का रवींद्र पटेल उर्फ राजू ने दिया है और इस काम में उसके गुर्गे मदद कर रहे हैं।
पूछताछ में अमित ने बताया कि रवींद्र उसके गांव का है। वह कहा था कि रंगदारी मांगने की शिकायत बहुत कम होती है और बहुत जल्द ज्यादा रुपया कमा सकते हो। उसकी बातों में आकर हम लोग नगर निगम जाकर पार्षदों और बड़ी दुकानों में काम करने वाले दोस्तों से उनके मालिकों का नंबर लिए। इसके बाद आयर निवासी विनोद यादव के साथ दो पार्षदों के पास जाकर मोबाइल से रवींद्र की बात कराए। पांचों पार्षदों से जो रंगदारी मिलती उसमें से दो-दो लाख अमित, राहुल और विनोद को मिलता। विनोद को दो दिन पहले ही कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अमित ने कहा कि शुक्रवार की सुबह रवींद्र ने छावनी क्षेत्र जाकर कॉल का इंतजार करने को कहा था, तब तक पकड़े गए।